उरई। झांसी कानपुर रेलमार्ग पर गर्मी का मौसम आने से ट्रेनों की लेटलतीफी शुरू हो गई है, जिससे इस मार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। गुरुवार को इस रेलमार्ग की लाइफ लाइन कहीं जाने वाली झांसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दो घंटा देरी से पहुंची।
वहीं ग्वालियर से बरौनी जाने वाली छपरा मेल भी एक घंटा 45 मिनट देरी से आई। झांसी से कानपुर मेमू एक घंटा, वलसाड से कानपुर जाने वाली उद्योगकर्मी एक घंटा 19 मिनट देरी से पहुंची। इन ट्रेनों से यात्रा करने वाली यात्रियों को दो घंटे से अधिक स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। उधर त्योहार के कारण स्टेशन पर भीड़ उमड़ पड़ी। इससे ट्रेनें लेट आने से यात्रियों को दिक्कत हुई। स्लीपर और एसी में जगह फुल रही। स्टेशन अधीक्षक एसके खरे का कहना है की ट्रेनें देरी से आई है।
उधर ट्रेनों में जगह न मिलने के कारण कई यात्रियों ने रोडवेज बसों का सहारा लिया। आसपास जाने वाले लोगों ने डग्गामार वाहनों से अपने गंतव्य की ओर गए। झांसी कानपुर आदि क्षेत्रों में जाने वाले जिन यात्रियों को ट्रेन में जगह नहीं मिल पाई, वह बसों से गए। दिल्ली रूट पर ट्रेन सेवा न होने के कारण यात्रियों ने बसों का सहारा लिया। औरैया, इटावा आदि क्षेत्रों को जाने वाले लोगों ने बसों से सफर किया। रोडवेज के एआरएम दुर्गाशंकर विश्वकर्मा का कहना है कि रोडवेज ने होली के त्योहार को लेकर 22 मार्च से 31 मार्च तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया है। जिस मार्ग के लिए सवारियां ज्यादा मिलती है, उसी पर बसें चला दी जाती है।