उरई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान एक युवक द्वारा हंगामा करने और डाक्टरी से संबंधित दस्तावेज फाड़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। वार्ड ब्वाय की सूचना पर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली पुलिस मारपीट के मामले में नया पाठकपुरा निवासी सचिन दीक्षित और पटेल नगर निवासी अंशुल तिवारी को रात में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंची थी। दोनों घायल थे और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अनुपम मिश्रा उनका मेडिकल परीक्षण कर रहे थे।
इसी दौरान उनके साथ आए आदर्श तिवारी ने घायल को रेफर करने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर वह आक्रोशित हो गया और चिकित्सक से बहस करने लगा। इसके बाद उसने मेडिकल परीक्षण से संबंधित रजिस्टर और प्रपत्र फाड़ दिए।
युवक की इस हरकत से चिकित्सक और अस्पताल कर्मचारी सकते में आ गए। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया। बाद में वार्ड ब्वाय सत्येंद्र ने कोतवाली पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। कोतवाली प्रभारी आनंद सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।