उरई। अज्ञात कारणों से युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को उतरवाकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी कमलेश के 18 वर्षीय पुत्र कल्लू ने रविवार की शाम कमरे में साफी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। इस दौरान परिजन घर पर नहीं थे। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह कुछ दिनों से किसी बात को लेकर परेशान चल रहा था। दो भाइयों में छोटा था। मजदूरी कर अपना भरण पोषण करता था। उसकी मौत से मां वंदना, भाई आलोक सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पेड़ पर लटका मिला अधेड़ का शव
उरई/कोटरा। किसान ने पेड़ पर फंदा डालकर फांसी लगा ली। पुलिस ने शव को उतरवाकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोटरा थाना क्षेत्र के धुरट गांव निवासी गंगाराम पाल (47) सोमवार की सुबह शौच के लिए खेतों की तरफ गए थे। जहां उनका शव खेत पर लगे बबूल के पेड़ पर साफी से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। परिजनों ने बताया कि वह मजदूरी व किसानी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। एक साल पहले उसके एकलौते पुत्र की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जिसके चलते वह परेशान रहता था। (संवाद)