आटा। झांसी-कानपुर हाईवे पर देर रात बिजली की लाइन काट रहे चोरों की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने पर चोर कटा तार व आरी औजार छोड़कर भाग गए।
आटा थाना क्षेत्र के झांसी कानपुर हाईवे पर मजार के पास रविवार रात लगभग आधा दर्जन चोरों ने 33 केवीए की पुरानी लाइन के तार काट लिए और उनके छोटे छोटे टुकड़े करने लगे। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को देकर चोरों को ललकारा तो चोर पुलिस के पहुंचने के पहले ही कटे तार, औजार व अन्य सामान छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तार व औजार आदि बरामद कर लिए। वहीं कालपी के जेई रमाकांत ने पुलिस से तार काटे जाने की शिकायत की है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार का कहना है कि अगर बिजली विभाग तहरीर देगा तो मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।