रामपुरा। नगर में वर्तमान में नगर के मेन चौराहे समेत कई मोहल्लों में पानी लीकेज की समस्या है। जिससे रोजाना सैकड़ों लीटर पानी की बर्बादी हो रही हैं। पाइप लाइनों के लीकेज की समस्या अमूमन नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में हैं। करीब चार महीने पहले जलसंस्थान ने नगर के होली मोड़ अंबेडकर चौराहे से लेकर उमरी बस स्टैंड तक पाइप लाइन बिछाई थी। फिर भी लीकेज की समस्या दूर नहीं हुई।
इन लीकजों को लेकर लोगों ने कई बार जलकल विभाग के कर्मचारियों को अवगत कराकर सही कराने की बात कही, लेकिन कुछ को छोड़कर अन्य जगह पानी के लीकेज की समस्या जस की तस है। सड़क निर्माण में कई जगह पानी की पाइप लाइन लीकेज हैं। जिनमे राजा मार्केट के पास नीरज की दुकान के सामने, स्कूल के पास श्यामप्रकाश की दुकान के सामने,जेडीसी बैंक के सामने, जिओ ऑफिस के पास, निनावली स्टैंड आदि स्थानों पर अभी तक इन लीकेज पानी की लाइनों को दुरुस्त नहीं कराया गया।
आलम यह है कि जब पानी की सप्लाई छोड़ी जाती हैं तो पीने योग्य पानी नालियों में बहता रहता है। जलकल विभाग के जेई श्यामबहादुर वर्मा का कहना है कि सड़क के किनारे नई पाइप लाइनों को डाला जा चुका हैं। जिनके चालू होने के बाद पुरानी लाइन के लीकेज बंद हो जाएंगे। नगर में लीकेज की समस्या से निजात मिल जाएगी।