उरई। सिरसा कलार थाना क्षेत्र के गांव में प्रेम प्रसंग का एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें पहले अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद अब दोनों ने काली मंदिर में विवाह कर लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 19 वर्षीय युवक का प्रेमिका से संबंध उसके भाई की ससुराल के दौरान हुआ था। बताया जाता है कि जब लड़की के परिजनों को इस संबंध की जानकारी हुई तो वे उसे अपने साथ फरीदाबाद ले गए। इसके बाद युवक भी कथित रूप से प्रेमिका के पास पहुंचा और उसे बहला-फुसलाकर पंजाब ले गया था। उस समय लड़की नाबालिग बताई जा रही थी।
इस मामले में वर्ष 2024 में फरीदाबाद कोतवाली में युवक के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद लड़की को बाल कल्याण गृह भेजा था, जबकि युवक को जेल भेजा गया था। करीब तीन महीने पहले युवक जमानत पर रिहा होकर गांव वापस आ गया था।
बताया जाता है कि बाद में लड़की ने बालिग होने पर अपने प्रेमी से शादी की इच्छा जताते हुए प्रशासन को पत्र भी लिखा था। हालांकि, शुरुआत से ही लड़की के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे।
इसी बीच रविवार रात गांव के बाहर स्थित काली मंदिर में युवक के पिता और अन्य परिजनों की मौजूदगी में दोनों ने विवाह कर लिया। दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और ईश्वर को साक्षी मानकर फेरे लिए।
शादी के बाद लड़की के परिजन भी मौके पर पहुंचे। बाद में आपसी सहमति के चलते उन्होंने भी विवाह को स्वीकार कर लिया और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।