जालौन। मजदूर ने घर में पंखे के कुंडे से लटककर जान दे दी। घटना के वक्त वह घर में अकेला था और पत्नी बच्चों के साथ मायके में शादी समारोह में गई है।
क्षेत्र के मोहल्ला फर्दनवीस निवासी पूरन दोहरे (38) मजदूरी करता था। कुछ दिन पूर्व पत्नी प्रीति मायके में शादी समारोह होने पर बच्चों के साथ चली गई थी। घर पर पूरन अकेला ही था। गुरुवार सुबह जब उसके घर के दरवाजे नहीं खुले तो मोहल्ले के लोगों ने घर के अंदर झांककर देखा। वह कमरे में पंखे के कुंडे पर साड़ी का फंदा गले में डालकर लटकता दिखा। कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद था। उसे फांसी के फंदे पर लटकता देख मोहल्ले के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाया और शव को फंदे से उतरवाकर परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मोहल्लेवालों ने बताया कि पूरन मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। पत्नी प्रीति व बच्चे अंश (7), राज (9) व पलक (5) शादी समारोह में गए थे। तभी पूरन ने अकेले घर में फांसी लगा ली। चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।