उरई। अमृत भारत योजना के तहत काम कर रही जेसीबी ने रेलवे की टेलीकॉम विभाग की केबल काट दी। इससे रेलवे की आरक्षण व्यवस्था गड़बड़ा गई। चार घंटे से ज्यादा आरक्षण व्यवस्था ठप रही। तत्काल के आरक्षण नहीं बन पाए। इसे लेकर यात्रियों ने हो हल्ला भी किया। आरपीएफ ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया है।
अमृत भारत योजना के तहत उरई रेलवे स्टेशन के बाहर जीआरपी थाने के पास काम कर रही जेसीबी ने केबल काट दी। इससे सुबह 8.35 बजे रेलवे की आरक्षण व्यवस्था ठप हो गई। जब रेलकर्मियों ने पता किया तो पता चला कि केबल कटने से समस्या हुई है। केबल कटने से उरई, कालपी, एट, कोंच, जालौन और पुखरायां रेलवे स्टेशन पर भी आरक्षण व्यवस्था ठप हो गई। कहीं भी तत्काल आरक्षण नहीं हो पाए। इसे लेकर उरई रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने हो हल्ला भी किया।
करसान रोड निवासी मुशीर अहमद ने बताया कि उन्होंने कानपुर से बलसाड़ जाने वाली उद्योगकर्मी एक्सप्रेस से वापी जाना था, लेकिन आज तत्काल टिकट नहीं करवा पाए। केबल कटने की सूचना सीनियर सेक्शन इंजीनियर टेलीकॉम वीके गुप्ता ने आरपीएफ को दी। मौके पर पहुंचे आरपीएफ दरोगा अनिल सिंह जेसीबी को चालक समेत थाने ले गए। बाद में टेलीकॉम विभाग की टीम ने सवा एक बजे कटी हुई केबल ठीक की, तब समस्या दूर हुई। इससे यात्री आरक्षण टिकट के लिए परेशान रहे। आरक्षण काउंटर पर तैनात कर्मचारी ने बताया कि एसी के तत्काल लिए 15 और स्लीपर के लिए 21 नंबर लगे थे, लेकिन उनका टिकट नहीं बन पाया। टिकट न बन पाने पर यात्रियों ने हो हल्ला भी किया।
ऑनलाइन हाजिरी भी नहीं लग पाई
उरई। टेलीकॉम की केबल कटने के कारण रेल कर्मी अपनी ऑनलाइन हाजिरी भी नहीं लगा पाए। दरअसल केबल कटी होने के कारण सिग्नल न आने से मशीन काम नहीं कर रही थी, जिसकी वजह से वाणिज्य विभाग के कर्मचारी अपनी हाजिरी नहीं लग पाए। (संवाद)