उरई। गोविंदपुरी–भीमसेन रेलवे स्टेशन के बीच बनारस से इंदौर जाने वाली महाकाल एक्सप्रेस (20415) के स्लीपर कोच पर अज्ञात व्यक्ति ने पथराव कर दिया। घटना सोमवार रात करीब 9:15 बजे की बताई जा रही है, जिससे स्लीपर कोच का शीशा टूट गया। हालांकि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।
ट्रेन में स्लीपर कोच नंबर एक की सीट नंबर 25 पर यात्रा कर रहे बनारस निवासी राजकुमार पटेल ने बताया कि वह उज्जैन जा रहे थे। गोविंदपुरी–भीमसेन रेलवे स्टेशन के बीच अचानक किसी ने पत्थर फेंका। इससे कोच का शीशा टूट गया। गनीमत रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई। घटना की सूचना के बाद ट्रेन को उरई स्टेशन पर अटेंड किया गया। महाकाल एक्सप्रेस रात 10:26 बजे उरई स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची, जहां मौके पर पहुंचे रेलवे सुरक्षा बल के दरोगा डीपी सिंह और सिपाही सीके गुप्ता ने ट्रेन का निरीक्षण किया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार यादव ने बताया कि घटना गोविंदपुरी भीमसेन स्टेशन के बीच की है। इसलिए मामला भीमसेन में दर्ज किया गया। इसके चलते ट्रेन सात मिनट अतिरिक्त खड़ी रही। (संवाद)