उरई। बुंदेलखंड के उत्पादों को रेलवे ने एक स्टेशन एक उत्पाद योजना में चयन किया है। इन उत्पादों के स्टाल रेलवे स्टेशन पर लगेंगे। इसके लिए तैयारी पूरी हो गई है।
झांसी मंडलायुक्त डॉ. अजय शंकर पांडेय की पहल पर डीआरएम आशुतोष की संस्तुति पर प्रमुख स्टेशनों पर उत्पाद लगाए जाएंगे। हालांकि उत्पाद लगाने के लिए पंजीकरण कराने के साथ एक हजार रुपये जमा करने होंगे। रेलवे ने एक स्टेशन एक उत्पाद योजना के तहत मंडल के नौ स्टेशनों को उत्पाद योजना के लिए चुना है। इसमें ग्वालियर में शहद, मुरैना में चमड़ा उत्पाद, चित्रकूट धाम कर्वी में लकड़ी के खिलौने, डबरा में बेकरी उत्पाद, महोबा में गौरा स्टोन क्राफ्ट, उरई में चितैरी कला पेटिंग, ललितपुर में जरी सिल्क साड़ी, दतिया में बैल मेंटल बर्तन, खजुराहो में टैरीकोटा उत्पाद के स्टॉल लगाए जाएंगे। पीआरओ मनोज कुमार सिंह के मुताबिक, इस योजना के तहत उत्पाद लगाने के लिए एक हजार रुपये का पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण कराने के बाद 8 जुलाई से 22 जुलाई तक उत्पाद लगाने के लिए स्टेशन पर स्टॉल मिलेगा। इससे इस व्यवसाय से जुड़े लोगों को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
------------------
आज भी रहेगा मेगा ब्लाक
उरई। झांसी कानपुर रेलमार्ग रिनियां रेलवे क्रॉसिंग नंबर 179 पर रेल ट्रैक मरम्मत के कार्य के चलते गुरुवार को क्रॉसिंग बंद करने का मेगा ब्लॉक लिया गया। इसके चलते सुबह साढ़े आठ से दोपहर तीन बजे तक रेलवे क्रासिंग बंद रहे। इसके चलते झांसी कानपुर जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि झांसी कानपुर से आने जाने वाले यात्रियों को बदले रूट से आने जाने में परेशानी हुई। सीनियर सेक्शन इंजीनियर एसके त्रिवेदी का कहना है कि ट्रैक पर काम के चलते सड़क यातायात को परिवर्तित किया गया। कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को अजनारी रेलवे क्रॉसिंग नंबर 181 से डायवर्ट किया गया। वही झांसी से आने वाले यात्रियों को हाईवे से अजनारी रेलवे क्रॉसिंग और राठ रोड ओवरब्रिज से होकर डायवर्ट किया गया। उन्होंने बताया कि ट्रैक पर चार जुलाई से काम चल रहा था। गुरुवार को मेगा ब्लाक लिया गया।