उरई। कालपी प्रीमियर लीग (केपीएल) के आयोजन करने पर प्रशासन ने रोक लगा दी है। वहीं टूर्नामेंट के आयोजक व पूर्व ब्लाक प्रमुख सुदामा दीक्षित ने प्रेस वार्ता कर कहा कि केपीएल पर रोक लगने से क्रिकेट प्रेमी निराश हुए है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग और तहसीलदार से अनुमति लेने की कोई आवश्यकता नहीं है। यदि दो दिन में अनुमति नहीं मिली तो गांव-गांव जाकर कालपी स्वाभिमान यात्रा निकालेंगे।
उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर शुरू होने वाले केपीएल को मंगलवार की सुबह एसडीएम कालपी की ओर से नोटिस जारी करने के बाद रोक दिया गया है। पुलिस ने भी सोमवार को आयोजन रोकने का पूरा प्रयास किया था। दिन -रात के मैच में जनरेटर से बिजली जलाई जा रही है और पूरा मैच उनकी निजी जमीन पर कराया जा रहा था। इस पर बिजली विभाग, अग्निशमन विभाग व तहसीलदार से अनुमति लेने की कोई जरूरत ही नहीं थी। दो दिन के भीतर यदि अनुमति नहीं मिली तो वे गांव गांव जाकर कालपी स्वाभिमान यात्रा निकालेंगे।