कालपी। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार को कालपी कालेज के स्वर्ण शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कालेज के क्रीड़ा स्थल पर दो दिवसीय जिलास्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप का शुभारंभ किया गया। इसमें अंडर 10,12, 14, 16, 18 एवं 20 के 350 बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लेकर अपने हुनर का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी ने कहा कि खेलकूद से शरीर स्वस्थ रहता है। साथ ही मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने बालक बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा की सभी प्रतिभागी अच्छा प्रदर्शन करके सफल हो तथा प्रदेश तथा राष्ट्र में गौरव हासिल करे।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, उसको निखारने की जरूरत है। इसके लिए एसोसिएशन की ओर से काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कालपी कालेज कालपी में आयोजित जिलास्तरीय प्रतियोगिता में चयनित होने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इस दौरान प्रधानाचार्य सुधा गुप्ता, पूर्व विधायक डॉ. अरुण मेहरोत्रा, डॉ. सीमा मेहरोत्रा, डॉ. डीपी सिंह, डॉ. सोम चौहान, डॉ. मधु प्रभात तिवारी, डॉ. संतोष पांडेय, डॉ. विनीत चतुर्वेदी व बृजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।