माधौगढ़। एसपी रवि कुमार ने कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण भी किया। उन्होंने अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश कोतवाल अजय कुमार अवस्थी को दिए। एसपी ने मेस, कंप्यूटर रूम, मालखाना के साथ साथ शस्त्र, अपराध रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी ने एसआई गोकुल सिंह से रिवाल्वर खोलकर दिखाने पर देरी पर नाराजगी जाहिर की।
दीवान प्रेमचंद चौहान से रजिस्टर में जमा पांच हजार रुपये चेक किए। दीवान ने लावारिस लाशों पर खर्च होना बताया। इस दौरान सीओ राहुल पांडेय, कोतवाल अजय कुमार अवस्थी, गौरव मिश्रा, धीरेंद्र पटेरिया, जितेंद्र आदि मौजूद रहे। इसके बाद सीओ व एसपी ने कस्बे में रूट मार्च भी निकाला।
इसके पूर्व एसपी रवि कुमार की अध्यक्षता व सीओ राहुल पांडेय की मौजूदगी में कोतवाली परिसर पर प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्यों व जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रात लोगों के साथ बैठक हुई। जिसमें पुलिस व जनता के तालमेल को लेकर चर्चा की गई। एसपी ने कहा कि पुलिस को जनता से तालमेल अच्छा होना चाहिए ताकि गांव में छोटे छोटे अपराधों की जानकारी हो सके। साथ ही वक्त रहते नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियां तेज हो गई है। इसलिए गांव में बाहरी लोगों पर नजर रखें। सीओ राहुल पांडेय ने कहा कि किसी भी गांव में कोई भी व्यक्ति अवैध कारोबार कर रहा हो जानकारी दें, पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सके। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता, विनय प्रताप सिंह, विनय कुमार तिवारी, नीरज तिवारी, दिनेश सोनी आदि मौजूद रहे।