आटा में स्टेट बैंक शाखा के बाहर खड़े होकर नारेबाजी करते खाताधारक
- फोटो : ORAI
आटा। नेशनल हाईवे पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक की मनमानी कते खिलाफ आक्रोशित लोगों ने बैंक के बाहर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि शाखा प्रबंधक उपभोक्ताओं का आधार फीड, सर्वर न आने के नाम पर परेशान करते हैं। मामले को लेकर भाजपा के मंडल मंत्री करूनेंद्र पांडे ने लीड मैनेजर को शिकायती पत्र दिया।
सोमवार को आटा स्थित एसबीई के बाहर क्षेत्र के दर्जनों गांव के ग्राहक एकत्रित हो गए और नारे लगाने लगे। ग्राहकों को आरोप था कि शाखा प्रबंधक ग्राहकों से अभद्रता करते हैं, जब भी कोई ग्रामीण आधार फीडिंग या खाते से पैसे निकालने पहुंचता है तो मैनेजर उन्हें सर्वर न आने की बात कह कर भगा देते हैं। मामले को लेकर ग्राम पिपरांया निवासी करूनेंद्र पांडे ने एलडीएम को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि भारतीय स्टेट बैंक, आटा के शाखा प्रबंधक की मनमानी के चलते उपभोक्ताओं के आधार लिंक नही किए जा रहे हैं। साथ ही जमा निकासी के लिए भी ग्राहकों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शाखा प्रबंधक की मनमानी इस कदर है कि इस चिलचिलाती धूप में उपभोक्ता 10 किलोमीटर की दूरी तय कर आते हैं और बिना काम कराए मायूस होकर घर लौट जाते हैं। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया की वह अपने जान पहचान वाले लोगों को बैंक के अंदर बुलाकर उनका कार्य करते हैं। इस मामले को लेकर लीड बैंक (एलडीएम) मैनेजर सुरेंद्र सिंह का कहना है कि शिकायती पत्र मिला है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर उपभोक्ता अरविंद कुमार, अनुज तिवारी, शैलेन्द्र दुवेदी, राहुल दुवेदी, रामअवतार, जयहिंद ओमर, संगीता देवी, अखिल तिवारी, जगन्नाथ वर्मा आदि मौजूद रहे।