फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर बैठे सुधरेगी ग्रामीणों की सेहत

Mon, 21 Dec 2015 11:01 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, उरई
विज्ञापन
विज्ञापन
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सेहत सुधारने और उन्हें बीमारियों के बारे में जागरूक करने के लिए प्रदेश सरकार ने हेलो आशा मोबाइल कुंजी योजना शुरू की है। इसके तहत आशा बहुएं घर-घर जाकर लोगों को बीमारियों, उनके उपचार व बचाव की जानकारियां देंगी। इसके लिए उन्हें मोबाइल फोन व सिमकार्ड भी उपलब्ध कराए गए हैं। जल्द ही इन्हें एक प्लास्टिक कार्ड
विज्ञापन


भी दिया जाएगा। इसमें बीमारियों की जानकारियां लेने के लिए नंबर दर्ज होंगे। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हेलो आशा मोबाइल कुंजी योजना की शुरुआत की है। इसके तहत जिले की सभी आशा कार्यकत्रियों को मोबाइल व सिमकार्ड दे दिए गए हैं। जल्द ही इन्हें एक प्लास्टिक कार्ड दिया जाएगा। इसमें डॉ. अनीता की

आवाज में दस बिंदुओं पर संचित जानकारियों का अलग-अलग कोड नंबर दर्ज होगा। जैसी जानकारी चाहिए, उस कोड को डायल करके जानकारी ली जा सकेगी। कोड डायल करते ही डॉ. अनीता की रिकॉर्डिंग चालू हेा जाएगी। इसे सुनकर संबंधित व्यक्ति बीमारियों से बचाव व उपचार का लाभ ले सकता है। इन नंबरों पर स्वास्थ्य संबंधी सभी जानकारियां दी जाएंगी।
विज्ञापन


इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बीमारियों से बचाव व उपचार की जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। आशा बहुओं द्वारा घर बैठे ही जरूरतमंद को हर जानकारी दी जा सकेगी। इस योजना से विभाग को काफी उम्मीदें हैं। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।

बीबीसी लंदन एकेडमी से आएंगे प्रशिक्षक
योजना का सॉफ्टवेयर बीबीसी लंदन एकेडमी द्वारा तैयार किया गया है। जनवरी में बीबीसी एकेडमी के प्रशिक्षक लखनऊ में प्रशिक्षण देने के लिए आएंगे। इसमें जिला स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारी प्रशिक्षण में शामिल होंगे। प्रशिक्षण के बाद यह

अधिकारी ब्लाक स्तर के अधिकारियों को और ब्लाक स्तर के अधिकारी आशा बहुओं को प्रशिक्षित करेंगे। इस कार्य में करीब एक माह का समय लग जाएगा। जनवरी तक योजना की व्यापक शुरुआत हो सकेगी। हाल फिलहाल में योजना को चालू करने के लिए आशा बहुओं को 22 से 31 दिसंबर तक आशाओं को एक-एक घंटे की सामान्य ट्रेनिंग दी जाएगी।

रोजाना 100 मुफ्त कॉल की सुविधा
योजना के तहत जिले की 890 आशाओं को मोबाइल सेट दिए गए हैं। इन आशा बहुओं को प्रतिदिन 100 मुफ्त कॉल करने की सुविधा दी गई है, यानि एक दिन में 100 बार कोड नंबर डायल कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां मुफ्त ले सकेंगी। इससे अधिक बार नंबर डायल करने पर शुल्क लगेगा।

इन बीमारियों की मिलेगी जानकारी
 कुंजी पर दस बिंदुओं के अंतर्गत मातृत्व संबंधी जानकारियां उपलब्ध हैं। बच्चे के जन्म से पहले क्या करना चाहिए? नवजात शिशु की देखभाल कैसे करें? प्रसव के बाद के खतरे, परिवार नियोजन के उपाय, समग्र आवश्यक टीकाकरण, छह माह तक के बच्चों को स्तनपान के लाभ, छह माह के बाद बच्चों का क्या हो आहार? स्वास्थ्य एवं स्वच्छता। बीमारियों से बचाव व उपचार, मलेरिया, डायरिया आदि रोगों से बचाव की जानकारियां मोबाइल कुंजी में उपलब्ध हैं।

हेलो आशा मोबाइल कुंजी योजना जिले में शुरू की जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और भी बेहतर बनाना है। इसका लाभ उठाकर ग्रामीण क्षेत्र के लोग विभिन्न बीमारियों से बच सकते हैं। जल्द ही इस योजना को व्यापक रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

डॉ. धर्मेंद्र कुमार
जिला कम्यूनिटी प्रोसेस प्रबंधक
एनएचएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें