कोंच। शादी का झांसा देकर दो साल तक यौन शोषण करने का आरोप एक युवती ने पीएसी की ट्रेनिंग कर रहे एक सिपाही पर लगाया है। सोमवार को युवती ने सीओ कोंच के यहां भी न्याय की गुहार लगाई है।
कोंच सर्किल के कैलिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने सोमवार को सीओ कोंच शाहिदा नसरीन को प्रार्थना पत्र दिया। उसने बताया कि उसकी ससुराल झांसी जनपद के गुरसरांय थाना क्षेत्र के गांव अस्ता में है। उसका पति शराब और जुएं का लती है। पति का एक नजदीकी रिश्तेदार जो पूंछ थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर का रहने वाला है। वर्तमान में कानपुर 37वीं वाहिनी में सिपाही की ट्रेनिंग ले रहा है। वह उसकी ससुराल आता था। रिश्तेदार होने के नाते युवती ने उससे गुजारिश की कि किसी तरह वह पति की शराब और जुएं की लत छुड़ाने में उसकी मदद करें। सिपाही ने उसे झांसे में लेकर पति से तलाक का मुकदमा करा दिया। सिपाही पैसों से युवती की मदद भी करता रहा। वह दो साल तक युवती का यौन शोषण भी करता रहा। वह जब भी शादी की बात करती तो वह टाल जाता। इस संबंध में सीओ शाहिदा नसरीन का कहना है कि उनके पास शिकायत आई है जिसकी वह गहराई से जांच कराएंगी। आरोप सही पाये जाने पर कार्रवाई की जाएगी।