कदौरा में निरीक्षण करते बीडीओ।
- फोटो : ORAI
उरई। बीडीओ अतिरंजन सिंह ने रविवार को ब्लाक क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों का औचक निरीक्षण किया। बागी गांव के अंदर घूम रहे अन्ना मवेशियों को देख सचिवों की फटकार लगाई और फिर ग्रामीणों की मदद से पकड़वा कर गोशाला में बंद कराया और गठित कमेटी के सदस्यों को हिदायत दी कि कोई भी अन्ना जानवर सड़क व गांव की गलियों में न दिखे, अन्यथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को बीडीओ अतिरंजन सिंह ने ब्लाक क्षेत्र के ग्राम बागी में वर्ष 2018-19 के अंतर्गत आए आवासों, शौचालय व पौधरोपण कार्य का सत्यापन कर लाभार्थियों से बात की। इस दौरान उन्होंने गांव में बने शौचालयों की हकीकत परखी व सोकपिट के गड्ढों का निरीक्षण किया। बीडीओ ने गांव के अंदर घूम रहे अन्ना मवेशियों को देख जहां सचिवों की फटकारा वहीं गलियों में घूम कर पशुपालकों को भी चेतावनी दी कि अपने मवेशियों को बांध कर रखें, खुला न छोड़ें। बीडीओ ने बागी गांव के बाद उकुरवा, उदनपुर, खुटमिली, कुशमरा, बावनी गांव में पहुंच कर आवासों, शौचालयों के बाद गोशाला में बंद मवेशियों की स्थिति देखकर साफ-सफाई के निर्देश दिए, साथ ही हरे चारे एवं भूसे में चोकर मिलाने के निर्देश दिए।
वहीं उदनपुर गांव में पौधरोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों की स्थिति खराब देख कर ग्राम प्रधान विनोद कुमार, जेई अरविंद पाल को चेतावनी देकर सुधार करने के निर्देश दिए। बीडीओ के अचानक निरीक्षण से संबंधित कर्मियों में हड़कंप मच गया। बीडीओ ने बताया कि शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को परखने के लिए गांवों का निरीक्षण किया है, जो भी जिसमें जो खामियां मिली उन्हें सुधार के निर्देश दिए गए। लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी। इस दौरान आईएसबी मनोज गुप्ता, अवर अभियंता अजय सिंह, सचिव जगत नारायण, प्रधान प्रतिनिधि विजयकांत तिवारी जेई अरविंद पाल विनोद कुमार, दिलीप सिंह नितिन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।