जालौन। सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूरा पालन किया जाए। इसे कानून की कोई बाध्यता न माना जाए। बल्कि नियम वाहन सवार और उसके पूरे परिवार के हित के ही बने है। इसी तरह सोशल मीडिया का प्रयोग करते वक्त भी विशेषकर छात्राओं को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। फेसबुक व व्हाट्सऐप पर किसी अंजान से दोस्ती न करे। यह बातें शुक्रवार को सीओ सुबोध गौतम ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आनंदी बाई हर्षे बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला में कही। इस दौरान छात्राओं ने सीओ से कानून और यातायात व्यवस्था से जुड़े सवाल भी पूछे। जिनका उन्होंने बखूबी जवाब भी दिया। कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं है। बस अवसर मिलने पर चूकना नहीं चाहिए और उन्हें अपनी प्रतिभा के बूते सफलता की बुलंदियों को छूना होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में कालेज की छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत नाटक के माध्यम से नारी के देवी स्वरूप का महत्व बताया। जिसे देख हाल में मौजूद छात्राएं व कालेज प्रबंधन के लोगों ने सराहा। इसके बाद पाठशाला में छात्राओं ने सवालों का सिलसिला शुरू किया। छात्रा अपराजिता शर्मा ने नारी सशक्तिकरण से संबंधित सवाल पूछा। जिसका जवाब देते हुए सीओ ने कहा कि नारी सशक्तिकरण का उद्देश्य यह नहीं है नारी बलशाली हो। बल्कि उसे सामान्य परिस्थितियों में जो भी अवसर मिलें इसमें बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए। कनिष्का चौहान ने प्रतियोगी परीक्षाओं के संदर्भ में सवाल किया। बताया कि जिस विषय में रुचि हो उसी को चुनना चाहिए। किसी दूसरे के कहने पर नहीं। बल्कि आत्मविश्वास से काम करें। छात्रा विदुषी द्विवेदी ने लड़कियों के साथ होने वाली घटनाओं व सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर सवाल किया। जवाब में सीओ ने कहा कि सोशल मीडिया का सोच समझकर प्रयोग करें। अपने किसी भी मित्र को अपनी निजी जानकारी और फोटो साझा न करें। अंशिका शिवहरे के यातायात सुरक्षा को लेकर प्रश्न के जवाब में सीओ ने कहा कि नियमों का पालन कराने के लिए कानून हैं लेकिन सिर्फ कानून का पालन करने के लिए यातायात नियमों का पालन न करें बल्कि इसके लिए स्वयं जागरूक हों। संचालन राजा ने किया। अंत में प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। वीरेंद्र बरसैंया, ज्ञानेंद शर्मा, ओमजी, सौरभ विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।