उरई। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के सत्र 2022-23 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए है। इसकी अंतिम तिथि 15 मार्च निर्धारित की गई है। यह जानकारी परीक्षा प्रभारी व जीआईसी प्रधानाचार्य रमेश चंद्र वर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि आवेदन ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे। डाक या अन्य माध्यम से आए आवेदन मान्य नहीं होंगे। परीक्षा में वे छात्र भाग लेंगे, जिन्होंने कक्षा सात की परीक्षा पास की हो या किसी राजकीय/मान्यता प्राप्त विद्यालय में अध्ययनरत हो। इस परीक्षा में नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल या राजकीय आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र भाग नहीं ले सकेंगे। इसके अलावा जिनकी वार्षिक आय डेढ़ लाख से अधिक होगी, वे भी नहीं भाग ले सकेंगे। परीक्षा पूरी तरह नि:शुल्क है। आवेदक को आय प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग का प्रमाणपत्र व स्वतंत्रता सेनानी संबंधित आरक्षण प्रमाणपत्र देना होगा। साथ ही आवेदन ऑनलाइन आवेदन के अंतिम तिथि के पहले ही निर्गत होना चाहिए। उन्होंने बताया कि आरक्षण प्रमाणपत्र न लगाने वाले विद्यार्थियों को सामान्य श्रेणी का माना जाएगा।