उरई। कोरोना संक्रमण के चलते बंद चल रहे विद्यालय सात फरवरी से खुलेंगे। हालांकि अभी कक्षा नौ से ऊपर वाले विद्यालय ही खुलेंगे। आठ तक के स्कूल बंद ही रहेंगे। डीआईओएस ने इस बाबत पत्र जारी कर कोविड नियमों का पालन करते हुए विद्यालय संचालित करने के निर्देश दिए। मास्क पहनकर आना अनिवार्य है। उधर, डीआईओएस ने बताया कि स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन के चलते राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। लिहाजा सात फरवरी को होने वाले मतदाता जागरुकता संबंधी कार्यक्रम नहीं होगा। अब आठ से 16 फरवरी तक मतदाता जागरुकता कार्यक्रम चलेगा।
डीआईओएस भगवत पटेल ने बताया कि कोरोना संक्रमण की दरों में कमी के चलते शैक्षणिक संस्थान खोलने के शासन स्तर से आदेश जारी हो चुके है। उसके अनुपालन में सात फरवरी से विद्यालय कोविड नियमों का पालन करते हुए संचालित होंगे। फिलहाल नौ से 12 और उच्चतर शिक्षण संस्थान ही खोले जाएंगे। एक से आठ तक के स्कूल फिलहाल बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि विद्यालय कोरोना गाइडलाइन तथा मास्क की अनिवार्यता के साथ खोले जाएंगे। साथ ही कोविड हेल्प डेस्क भी सभी विद्यालयों में आवश्यक रुप से संचालित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित शिक्षक व नोडल अधिकारी डीआईओएस कार्यालय से मतदाता जागरुकता संबंधी सामग्री सात फरवरी तक अनिवार्य रुप से प्राप्त कर लें।