स्कूल का निरीक्षण करते खंड विकास अधिकारी व अन्य
- फोटो : ORAI
माधौगढ़। निरीक्षण को पहुंचे जिला पंचायत राज अधिकारी अभय कुमार व बीडीओ संदीप कुमार को प्राथमिक विद्यालय सिकाऊ बंद मिला। वहीं प्राथमिक विद्यालय कुरतला की प्रभारी प्रधानाचार्य बिना छुट्टी के गायब मिली। विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र लोवर पहने मिला तो अधिकारियों ने फटकार लगाई। टीम ने अपनी रिपोर्ट उच्चधिकारियों को भेज दी गई है।
डीएम के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी अभय कुमार व बीडीओ संदीप कुमार शनिवार की दोपहर प्राथमिक विद्यालय सिकाऊ पहुंचे। विद्यालय में ताला लगा होने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक सिंह से अधिकारियों ने मोबाइल पर बात करनी चाही तो मोबाइल भी बंद मिला। इसके बाद दोनों अधिकारी प्राथमिक विद्यालय कुरतला पहुंचे तो उन्हें विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य अंकिता वर्मा बिना छुट्टी के गायब मिलीं।
विद्यालय के तैनात शिक्षामित्र राजवीर यादव, रामकृपाल पाल विद्यालय में मौजूद मिले। लेकिन शिक्षामित्र रामकृपाल पाल के विद्यालय में लोवर पहने होने पर अधिकारियों ने फटकार लगाई। अधिकारियों ने विद्यालय में एमडीएम, साफ सफाई की जानकारी ली। विद्यालय में स्वेटर न बांटे जाने की शिकायत छात्रों ने की। अधिकारियों ने विद्यालयों के निरीक्षण की रिपोर्ट उच्चधिकारियों को भेज दी है।