जालौन। शादी समारोह में डीजे पर बज रहे गानों को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए 12 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तोपखाना स्थित शिवानी गार्डन गेस्ट हाउस और पास में स्थित डॉ. अंबेडकर इंटर कॉलेज परिसर की है। मंगलवार रात सेंगर कॉलोनी निवासी अरुण प्रताप सिंह के यहां गेस्ट हाउस में शादी समारोह चल रहा था, वहीं दूसरी ओर कढ़ोरे राठौर के यहां इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित था।
रात करीब एक बजे डीजे पर गाने बजाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग लाठी, डंडे और बेल्ट लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों ओर से पथराव भी शुरू हो गया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिकांश लोग भाग चुके थे। किसी पक्ष द्वारा तहरीर न देने पर पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। चौकी प्रभारी मनीष तिवारी ने सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर दोनों पक्षों के 12 लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।