कालपी। नगर के मुख्य बाजार में श्याम पैलेस रोड पर टप्पेबाजों ने एक मारुति वैन से लगभग एक लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया। घटना के दौरान वैन चालक गाड़ी पंचर होने पर स्टपनी बदल रहा था। जैसे ही वह स्टपनी बदलकर फ्री हुआ तो देखा गाड़ी से बैग गायब था। घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे व कोतवाली पुलिस को मामले के खुलासे के निर्देश दिए।
ग्राम मगरौल निवासी सुमित की मगरौल में पुलिस ट्रेनिगं स्कूल में कैंटीन है। वह बुधवार की दोपहर अपने गांव से अपने भतीजे अनुज के साथ बाजार में मारुति वैन से खरीदारी करने बाजार आया था। यहां बैंक से रुपये निकाले व बाजार से कुछ सामान भी खरीदा। इसी दौरान उसकी वैन बाजार में पंचर हो गई तो वह वैन को श्याम पैलेस रोड पर लाकर स्टपनी बदलने लगा। तब घटना हुई। सुमित ने बताया कि उसके पास बैंक आफ बड़ौदा की बाजार शाखा से आने के बाद कुल एक लाख दस हजार रुपये थे। इसमें दस से पंद्रह हजार हजार का सामान खरीदा था। बैग में लगभग एक लाख रुपये थे। थोड़ी ही देर में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल ने जांच पड़ताल की। इसके बाद एएसपी राकेश सिंह मौके पर पहुंचे व पड़ताल कर खुलासे के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने बताया कि बैंक से रुपए निकालने की पुष्टि हुई है, बैंक के कैमरे में एक संदिग्ध भी आया है जांच की जा रही है।
---
नहीं लगे सीसीटीवी
कस्बे में जहां पर टप्पेबाजी की घटना हुई है वहां से लगभग सौ मीटर की दूरी पर टरनन गंज पुलिस चौकी है। बाजार के व्यापारियों का आरोप है कि चौकी पुलिस बाजार में गश्त नही करती है बाजार में पुलिस कर्मी मोवाइल चलाने में व्यस्त रहते हैं जिससे आए दिन टप्पेबाजी की घटनाएं होती रहती हैं। व्यापारियों ने बताया कि मंगलवार को भी सरसेला गांव के एक किसान के साथ टप्पेबाजी हुई थी पर उन्होंने शिकायत नही की।
-----
वैन का पंचर होना संदिग्ध
वैन पंचर हुई या की गई। यह बड़ा सवाल सामने आया है। माना जा रहा है कि टप्पेबाज बैंक से ही उसकी रेकी कर रहे थे। इसके साथ ही टायर में ब्लेड का निशान भी पाया गया है, इससे माना जा रहा है कि टप्पेबाजों ने ही गाड़ी पंचर की होगी।