कोंच। माधौगढ़-कोंच विधायक मूलचंद्र निरंजन ने दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को शासन से मंजूरी दिलाकर लोगों को नए वर्ष की सौगात दी है। करीब साढ़े सत्रह करोड़ से कोंच-नदीगांव रोड पर कोंच से सदूपुरा और पंचानन से कैलिया बाईपास रोड को दोहरा बनाने की मंजूरी दिलाई है। इसके बाद दोनों ही मार्गों पर आवागमन सुगम हो सकेगा।
कोंच नगर में पंचानन चौराहे से होकर कैलिया बाईपास मार्ग की कुल 3.4 किलोमीटर की सड़क बीते कई वर्षों से जर्जर होने के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पूरे दिन भारी वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति बनी रहती है। साथ ही हादसों का डर भी बना रहता है। मार्ग बनने के बाद हजारों की आबादी को समस्या से निजात मिलना तय है। सड़क के निर्माण कार्य के लिए 6 करोड़ 43 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। इसी तरह कोंच-नदीगांव मार्ग भी सालों से अत्यंत जर्जर हालत में है। बारिश के दिनों में यहां से गुजरना टेढ़ी खीर साबित होता है।
इस सड़क के निर्माण के लिए भी शासन से 11 करोड़ 5 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृति की गई है। विधायक मूलचंद्र निरंजन का कहना है कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान देना सभी जनप्रतिनिधियों की नैतिक जिम्मेदारी है। दोनों मार्ग बनने से क्षेत्र के दर्जनों गांव के लोगों को सहूलियत होगी। उन्होंने सड़कों की मंजूरी के लिए सीएम और लोक निर्माण मंत्री का आभार जताया है। वहीं विधायक के प्रयासों से सड़कों की दशा सुधरने पर क्षेत्र के लोगों ने भी उन्हें बधाई दी है।