उरई। शटरिंग गोदाम में मंगलवार की देर रात संदिग्ध हालात में आग लग गई। लकड़ी, प्लाई व बल्ली में आग लगने से ऊंची- ऊंची आग लपटें उठने लगी। इससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। लोगों ने गोदाम मालिक को सूचना दी। मालिक ने दमकल व पुलिसकर्मियों को जानकारी दी। दमकल कर्मियों ने लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक गोदाम में बंधी दो गाय, एक पड़वा और एक बछिया भूसा, बांस-बल्ली, प्लाई जल गई। सूचना पाकर एसडीएम, कोतवाल, लेखपाल आदि ने जांच पड़ताल की। आग से लगभग जानवरों समेत लगभग सात लाख का नुकसान बताया जा रहा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर इकलासपुरा रोड के पास निवासी अरुण कुमार द्विवेदी के गोदाम में मंगलवार की देर रात संदिग्ध हालात में आग लग गई। रात लगभग 12 बजे आग लगी। इससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। धुआं व आग की लपटें देखकर लोगों ने अरुण को जानकारी दी। अरुण ने इसकी जानकारी पुलिस व दमकलकर्मियों को दी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक वहां बंधे चारों मवेशी जल गए थे। अरुण ने बताया कि वह जानवरों का दूध व शटरिंग का काम करके परिवार का भरण पोषण करता था। आग से उसका लगभग सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं सूचना पाकर एसडीएम, लेखपाल, कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं पशु विभाग के डाक्टरों ने मवेशियों का पोस्टमार्टम किया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसके गोदाम में न तो उसने अलाव जलाया था। न ही उसके गोदाम में बिजली का कोई कनेक्शन है। किसी ने आग लगाई है। उसका कहना है कि वह तहरीर दे रहा है।