कदौरा। कस्बा स्थित तालाब के आसपास अतिक्रमण हटाकर सुंदरीकरण कराया जा रहा है। सुंदरीकरण कार्य के चलते मुख्य सड़क पर आवागमन बंद किया गया है। इससे परेशान लोगों ने बुधवार को नारेबाजी कर अधिशासी अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर समाधान की मांग की है।
बुधवार को मुहल्ले के खेमचंद्र, महेश राठौर, मकसूद खान, अल्ताफ खान, अर्पण द्विवेदी आदि ने बताया कि नगर पंचायत ने सुंदरीकरण के नाम पर सड़क को खोदकर पांच से आठ फीट गहरे गड्ढे कर दिए हैं। इससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाशिंदों ने बताया कि आवागमन बंद होने से सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को हो रही है।
इसके अलावा गर्भवती व गंभीर मरीजों को भी स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाने के लिए एंबुलेंस चालक मना करते हैं। लोगों का कहना है कि सुंदरीकरण कार्य होना अच्छी बात है, लेकिन बिना वैकल्पिक इंतजाम के यह काम लोगों के लिए परेशानी का सबब बना है। अधिशासी अभियंता सुनील कुमार सिंह ने बताया लोगों का शिकायती पत्र मिला है। उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया है।