-सर्राफा बाजार में घटना स्थल पर मौजूद पुलिस
- फोटो : ORAI
कोंच। बैंक से रुपये निकालकर बाजार में खरीदारी कर रहे सेवानिवृत्त शिक्षक की बाइक पर टंगे झोले में रखे तीन लाख रुपये टप्पेबाजों ने पार कर दिए। खरीदारी के बाद बाइक से झोला गायब देख सेवानिवृत्त शिक्षक के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व 112 टीम ने आसपास लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज देखी तो उसमें दा टप्पेबाज कैद हो गए। पुलिस टप्पेबाज की तलाश में जुट गई।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के जुझारपुरा गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राजेंद्र सिंह पटेल सोमवार की दोपहर कोंच गल्ला मंडी स्थित इंडियन बैंक शाखा में रुपये निकालने आए थे। उन्होंने तीन लाख रुपये निकालकर झोले में रखकर बाइक के हैंडल पर टांग दिए। इसके बाद वह सर्राफा बाजार में झाड़ू खरीदने लगे। इसी बीच बाइक से आए दो टप्पेबाजों में एक नीली शर्ट पहने टप्पेबाज ने झोला उतार लिया, जबकि दूसरा युवक कुछ दूरी पर बाइक पर ही बैठा रहा। इसके बाद दोनों बाइक से भाग गए। सामान खरीदने के बाद शिक्षक ने झोला गायब देख 112 पुलिस को सूचना दी। शिक्षक ने पुलिस को बताया कि झोले में तीन लाख रुपये, पासबुक, आधार कार्ड, पैनकार्ड, पत्नी की पासबुक आदि पड़ा था। पुलिस जांच पड़ताल में दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो टप्पेबाज कैद हो गए, जिनकी तलाश कर रही है। शिक्षक ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
----------------
टप्पेबाजी से दुकानदारों दहशत में
कस्बे में दिनदहाड़े सेवानिवृत्त शिक्षक से हुई टप्पेबाजी के बाद से बाजार के दुकानदारों में दहशत है। दुकानदारों का कहना है कि दिन दहाड़े लोग बीच बाजार में ही सुरक्षित नहीं है। इससे लगता है कि बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नहीं दिखाई पड़ रहा।