एट (जालौन)। हमीरपुर ब्लाक प्रमुख चुनाव के चलते शुक्रवार को डिग्री कालेज में भाजपाइयों और सपा समर्थक बीडीसी सदस्यों के बीच हुई हाथापाई और पथराव के मामले में पुलिस ने 19 लोगों पर बलवा, मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें सुमेरपुर ब्लाक के सपा प्रत्याशी, कई बीडीसी के अलावा भाजपा प्रत्याशी के भाई व उनके साथियों के नाम शामिल है। फिलहाल सभी को निची मुचलके पर छोड़ा गया है। इसके बाद हमीरपुर सपा जिलाध्यक्ष अपने साथियों को ले गए। उधर, मामले के तूल पकड़ते ही शुक्रवार की पूरी रात जालौन जनपद के सपाई भी थाने के बाहर डटे रहे।
बताते चलें कि हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर ब्लाक में सपा से चुनाव लड़ रहे जय नारायण यादव के सामने सत्ता पक्ष की ओर से पूजा परमार चुनाव लड़ रही हैं। शुक्रवार को पूजा के भाई अप्पू सिंह समर्थकों के साथ एट के सोमई स्थित डिग्री कालजे पहुंचे। और वहां पर ठहरे सपा समर्थित बीडीसी के साथ मारपीट की। दोनों पक्षों में पथराव भी हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने बवाल कर रहे भाजपा प्रत्याशी के भाई अप्पू सिंह और समर्थकों के साथ सपा प्रत्याशी जयनारायण यादव व कुछ बीडीसी को लेकर थाने आ गई। यह जानकारी मिलते ही हमीरपुर और जालौन दोनों ही जिलों के सपाइयों ने थाने के सामने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी। जिन्हें खदेड़ने के पुलिस को जमीन पर लाठियां पटकी। शनिवार की सुबह भी सपाइयों ने थाने के सामने नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष नवाब सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरपाल दादी पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह मौखरी पूर्व इलाहाबाद छात्रसंघ अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह यादव दीपरज गुर्जर पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र बजरिया नगर अध्यक्ष रिंकू जैन ने एट आकर के मामले को शांत कराया। सीओ ने बताया कि शुक्रवार को कालेज में बवाल के मामले में सपा प्रत्याशी, उनके कुछ बीडीसी, भाजपा प्रत्याशी के भाई व उनके भी कुछ साथियों समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुतला फूंकना चाहते थे सपाई
सपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा पुलिसिया कार्रवाई पर इस कदर बढ़ चुका था कि उन्होंने पुलिस के सामने ही सीएम का पुतला फूंकने की तैयारी भी कर ली थी। बाद में वरिष्ठ नेताओं के समाने के बाद सपाई शांत हुए।
सदस्यों को दो घंटे में पहुंचना था मतदान स्थल पर
मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों सहित क्षेत्र पंचायत जयराम, रमाकांत, प्रमोद कुमार, बालकराम, श्यामजी, गंगाराम, सुरेंद्र कुमार सदस्यों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडारी में डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद पुलिस ने सभी को निजी मुचलके पर रिहाई करते हुए हमीरपुर के जिला अध्यक्ष राज बहादुर पाल के सुपुर्द कर दिया गया। जहां पर जिला अध्यक्ष अपने साथ मतदान कराने के लिए भरुआ सुमेरपुर ब्लाक ले गए।