जालौन। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। बुधवार को पीड़िता ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जगनेवा निवासी कोयना गुर्जर ने पुलिस को बताया कि उसके पिता रणजीत सिंह ने उसकी शादी मई 2021 में गुजरात में न्याय विभाग में आशुलिपिक के पद पर तैनात कपिल प्रताप सिंह निवासी ग्राम कोरीपुरा, थाना-जालौन के साथ की थी। शादी के बाद से ही पति कपिल प्रताप सिंह, ससुर जगजोत सिंह, सास अर्चना देवी, ननिया सास संतोष देवी ने दहेज में कार की मांग शुरू कर दी। उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो उसे पीटा जाने लगा। जान से मारने की धमकी दी गई। पिता ने कई बार समझाने की कोशिश की लेकिन ससुराल वालों में कोई सुधार नहीं हुआ।
कुछ दिन पूर्व ससुरासलियों ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। तबसे वह पिता के घर में ही रह रही है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।