कालपी। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला क्षेत्र में सामने आया है। इलाके के एक मोहल्ले की निवासी एक किशोरी ने बड़ी चाची के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसका चाचा पिछले सवा साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि मामले में पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रेप व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
किशोरी ने पुलिस को बताया कि मां की मौत हो चुकी है और पिता काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घर मे वह दादी और अविवाहित चाचा के साथ रहती है। उसका चाचा 12 जनवरी 2021 से उसके साथ जबरन दुष्कर्म कर रहा है। घर में बताया तो सभी ने डांटकर फटकार दिया। उसे एक जगह ले जाकर कई दवाएं भी खिलवाई गईं। इसके बाद परिजनों ने उसे चार माह कदौरा में एक रिश्तेदार के यहां भेज दिया। लौटी तो चाचा उसके साथ दोबारा दुष्कर्म करने लगा। तब उसने यह बात घर से कुछ दूर रहने वाली दूसरी चाची को बताई। हिम्मत करके चाची के साथ वह कोतवाली आई है। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि किशोरी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ रेप और पॉक्सो की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
------------------------
भूसे की ट्राली से टकराई एंबुलेंस, दो घायल
कालपी। शुक्रवार की दोपहर को कदौरा जोल्हूपुर मार्ग में दो वाहनों की टक्कर हो गई। कदौरा से मरीज लेकर उरई जा रही 108 एंबुलेंस ब्रेक न लगने के कारण भूसे लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टकरा गई। इसमें एंबुलेंस का चालक अनुज, नरेश व स्नेहलता वर्मा घायल हो गए। (संवाद)
------------------
घायल की इलाज के दौरान मौत
कदौरा। बुधवार रात पंडौरा के समीप डंपर की टक्कर से घायल बाइक सवार सलीम खान (40) निवासी दुधनिया थाना देवराहट जिला कानपुर देहात गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसको सीएचसी कदौरा से जिला अस्पताल उसके बाद कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया था। पर शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर सुन कर परिजनों में हड़कंप मच गया। मृतक अपनी ससुराल चतेला थाना कदौरा जा रहा था। सर में अधिक चोट थी। (संवाद)
----------------
पति ने की मारपीट, सीओ से शिकायत
माधौगढ़। पचोखरा निवासी सुनीता ने सीओ को शिकायत देते हुए बताया कि उसके पति दीपू धानुक शराब में धुत होकर गुरुवार की शाम मारपीट की। शोरगुल सुन पड़ोस में रहने वाली बहन रानी व उसके पति मुकेश बचाने पहुंच गए। पर पति ने पांच छह दोस्तों को बुलाकर तीनों की पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। सीओ ने रामपुरा एसओ कमलेश कुमार को जांच सौंपी है। (संवाद)
--------------------
गैंगस्टर एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
कालपी। कोतवाली के मोहल्ला बड़ा बाजार निवासी आरोपी संजीव सोनी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा चल रहा है। अदालत ने हाजिर न होने की वजह से संजय सोनी उर्फ सोनू के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। पुलिस ने उसके घर के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसी प्रकार दलित उत्पीड़न के एक मामले में भी एक वारंटी को गिरफ्तार किया गया है। (संवाद)