कोंच। नदीगांव थाना पुलिस ने ग्राम कनासी में युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने और पंचायत के दौरान जबरन वसूली करने के मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम प्रधान का पति भी शामिल है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
शनिवार को नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कनासी निवासी दिनेश उर्फ ईलू से पंचायत के दौरान कथित रूप से दबाव बनाकर चार लाख रुपये की मांग की गई थी। मृतक के परिजन का आरोप है कि पंचायत में हुए उत्पीड़न और मानसिक दबाव से परेशान होकर दिनेश ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने कोंच-नदीगांव मार्ग पर शव रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद दिनेश के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य सिकरी राजा निवासी संजू कठेरिया, अटरिया निवासी करन बरार, कनासी निवासी प्रधान पति दीने, धनौरा निवासी राजेश व चदुर्रा निवासी धनपाल व 12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने करन बरार, राजेश, और प्रधान पति दीने को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने और वसूली की धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।