उरई। कोचिंग गए छात्र का शव भीमसेन स्टेशन के पास मिलने के दूसरे दिन शुक्रवार को भी कोतवाली पुलिस जांच पड़ताल में लगी रही। पुलिस ने उरई रेलवे स्टेशन पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें छात्र स्टेशन पर दिखाई दे रहा है। अब छात्र भीमसेन कैसे पहुंचा, पुलिस इसकी जांच पड़ताल में लगी है।
बता दें कि शहर के मोहल्ला नया पटेलनगर निवासी कार्तिक (15) बुधवार की देर शाम कोचिंग पढ़ने गया था। कोचिंग से घर नहीं लौटा और गुरुवार की सुबह उसका शव भीमसेन रेलवे स्टेशन के पास ओएचई पोल से लटका मिला था। कार्तिक के पिता रामशंकर ने कोतवाली में शिकायत की थी। इसके आधार पर गुरुवार की शाम राजेंद्रनगर चौकी में तैनात दरोगा जितेंद्र सिंह ने उरई रेलवे स्टेशन पहुंचकर जांच पड़ताल की। उन्होंने आरपीएफ कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। इसमें कार्तिक शाम 6.42 बजे उरई रेलवे स्टेशन पर दिखाई दे रहा है। वह टिकट खिड़की के पास भी आया लेकिन उसने टिकट नहीं लिया है। वह साफी (गमछा) भी बांधे दिख रहा है। इसके बाद वह फुट ओवरब्रिज के नीचे भी पहुंचा है, जहां कैमरे नहीं है। इसी बीच 7.48 बजे शाम को साबरमती एक्सप्रेस आई है। इसके बाद छात्र का पता नहीं लगा है। आशंका जताई है कि छात्र साबरमती से ही भीमसेन स्टेशन तक पहुंचा है। पुलिस का कहना है कि अभी परिजनों ने किसी पर आरोप लगाकर तहरीर नहीं दी है। फिर भी जांच पड़ताल की जा रही है।
-----------------
ब्लाक में 50 मिनट खड़ी रही अंत्योदय एक्सप्रेस
उरई। झांसी कानपुर रेलमार्ग के उरई सरसोकी सेक्शन में पावर ट्रैफिक ब्लॉक के चलते मुंबई से छपरा जाने वाली ट्रेन नंबर 05102 उरई स्टेशन पर करीब 50 मिनट खड़ी रही। इसके चलते यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को मुंबई से छपरा जाने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस उरई स्टेशन पर 1:20 बजे से 2:10 बजे तक लगभग 50 मिनट खड़ी रही। बता दें कि उरई से आटा स्टेशन तक पावर ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। स्टेशन अधीक्षक एसके खरे ने बताया कि ट्रैक पर काम के चलते कंट्रोल से ब्लॉक लिया गया। (संवाद)
----------------
मालगाड़ी की चपेट में आकर अधेड़ की मौत
उरई। कानपुर झांसी रेलमार्ग की उरई स्टेशन के पास क्रॉसिंग नंबर 181 अजनारी के पास कानपुर से झांसी जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। आरपीएफ दरोगा देशराज सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष है। अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। मौके पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। मामले की छानबीन कर रही है। (संवाद)
----------------
पानी न मिलने पर तोड़ा वाटरबूथ का नल
उरई। गोरखपुर से पनवेल जाने वाली ट्रेन नंबर 15065 अपने निर्धारित समय से तीन घंटे देरी से आई। ट्रेन के यात्रियों को प्लेटफार्म नंबर तीन पर पानी नहीं मिला, इस पर हंगामा कर दिया। उन्होंने प्लेटफार्म नंबर तीन के वाटरबूथ में लगे नल को भी तोड़ दिया। बता दें कि कानपुर में पानी की ओवरचार्जिंग के बाद उरई रेलवे स्टेशन पर रेलवे का निर्धारित पानी नहीं मिल रहा है। जिसकी वजह से पानी की मारामारी है। वाटरबूथ में भी पानी न मिलने से यात्री आक्रोशित है। (संवाद)
--------------
पीडब्लूआई समेत दो निलंबित
उरई। सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ) जीएस निरंजन और अजनारी रोड रेलवे क्रासिंग नंबर 180 पर तैनात गेटमैन विपिन सिंह को सहायक मंडलीय अभियंता (एडीईएन) जूही कानपुर ने लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया। एडीईएन ब्रजेश कुमार शर्मा ने रेलवे क्रासिंग गेट नंबर 180 का निरीक्षण किया था। इसमें उन्होंने क्रासिंग की जांच में कई तरह की गड़बड़ी पाई थी। इस पर एसएसई जीएस निरंजन और गेटमैन को निलंबित करने के आदेश दिए। (संवाद)