कालपी। हाईवे किनारे खून से लथपथ इत्र बेचने वाले एक वृद्ध का शव पड़ा मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार किसी वाहन के टक्कर मारने से वृद्ध की जान गई है।
कानपुर-झांसी हाईवे किनारे एक ढाबे के पास एक 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव पड़ा हुआ देखा गया। लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंचे सीओ राम सिंह व कोतवाल संतोष सिंह ने मृतक की शिनाख्त दलपत सिंह निवासी डेरापुर थाना क्षेत्र के जगम्मनपुर गांव जिला कानपुर देहात के रूप में की। सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पुत्र ने बताया कि पिता फेरी लगाकर इत्र बेचते थे। एक शहर में दो-चार दिन रुकते थे। इस दौरान वह धर्मशाला आदि में ठहरते थे। उन्होंने बताया कि हादसे में मौत होने की बात पता चली है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हाईवे पर बनी टंकी से नहाते वक्त किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने का मामला प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।