रामपुरा। पांच दिन में दो घरों में हुई लाखों की चोरी का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। इससे थाना पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि दो घरों में चोरी होने के बाद भी पुलिस गांव में नहीं आई। इससे उन्हें फिर से चोरी की वारदात होने का डर सता रहा है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के नरौल गांव निवासी दीनदयाल शाक्यवार के घर शनिवार की रात घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर एक लाख की नकदी, गहने पार कर दिए थे। चोरों ने गांव में ही रविवार की रात फिर से रघुवीर पाल के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। 10 हजार रुपये और गहने चोरी कर ले गए थे। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस चोरी के बाद से गांव नहीं आई है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस जांच की बात कह रही है। पांच दिन बाद भी चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है। सीओ माधौगढ़ राम सिंह ने बताया कि टीमें लगी हैं। जल्द ही चोरों को पकड़कर खुलासा किया जाएगा।