जालौन। बैंक में रुपये निकालने आए शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी का दस लाख रुपयों से भरा बैग अज्ञात युवक ने पार कर दिया। बैग गायब देख उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक युवक बैग ले जाता दिखाई पड़ रहा है। पुलिस ने पूछताछ कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग निवासी देव प्रकाश सिंह सेंगर शिक्षा विभाग में प्रशासनिक अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त है। गुरुवार को वह स्टेट बैंक से रुपये निकालने आए थे। उन्हें बैंक से 10 लाख रुपये निकालने थे लिहाजा सुरक्षा की दृष्टि से वह पुत्र शक्ति प्रताप सिंह को भी लाए थे। दोपहर में उन्होंने बैंक से अपने खाते से 10 लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद कैश काउंटर से रुपये लेकर बैग में रख लिए। वहीं उन्होंने दो हजार रुपये और निकालने के लिए बाउचर भरा। तभी उनके बगल में रखा बैग चोरी हो गया। बैग गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक कर्मचारियों से पूछताछ कर सीसीटीवी फुटेज देखे। जिसमें एक युवक बैग ले जाता दिख रहा है। इंस्पेक्टर वीरेंद्र पटेल का कहना है कि फुटेज के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है।