उरई। जिले में आपातकालीन और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए संचालित एंबुलेंस की लोकेशन अब नए सिरे से तय करने की तैयारी है। जरूरत के समय समय पर उपलब्ध नहीं होने की शिकायतों के बाद यह पहल की जा रही है। अमर उजाला में 25 अक्तूबर के अंक में खबर प्रकाशित होने के बाद यह कवायद की जा रही है।
एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी शबाब अहमद ने इस संबंध में सीएमओ डॉ. एचएन प्रसाद और एसीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ. एपी वर्मा से मुलाकात की। उन्होंने एंबुलेंस की मौजूदा लोकेशन और उनमें संभावित बदलाव को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस पर सीएमओ ने पहले वर्तमान में एंबुलेंस खड़ी होने वाली जगहों का ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही यह भी जानकारी मांगी कि किन स्थानों पर एंबुलेंस खड़ी करने से जरूरतमंदों को अधिक सुविधा मिल सकती है। कहा कि लोकेशन तय करते समय पीडब्ल्यूडी और यातायात पुलिस से भी चर्चा की जाएगी। इसके बाद ही नई लोकेशन निर्धारित की जाएगी।
जिले में आपातकालीन मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 नंबर की 23 एंबुलेंस संचालित हैं। वहीं, गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए 102 नंबर की 21 एंबुलेंस की व्यवस्था है। इन सेवाओं का उद्देश्य जरूरतमंदों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है, लेकिन कई बार एंबुलेंस की निर्धारित लोकेशन पर उपलब्धता नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसे लेकर लगातार शिकायतें भी सामने आती रहती हैं। अब एंबुलेंस की लोकेशन में बदलाव कर व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी है।