संकल्प सिद्धि कार्यक्रम में मौजूद प्रभारी मंत्री जय कुमार सिंह जैकी और सांसद।
- फोटो : अमर उजाला
उरई। शहर के जानकी पैलेस उत्सव गृह में शुक्रवार को भारत सरकार नई दिल्ली न्यू इंडिया मंथन के तत्वावधान में संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के प्रभारी मंत्री जयकुमार सिंह जैकी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 तक ऐसा भरत बनाने का संकल्प लिया है जिसमें हर तरफ हरियाली, गंदगी से मुक्ति, कुरीतियों के अंत के साथ सभी लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिलें। प्रधानमंत्री के इस संकल्प को सभी को मिलकर पूरा करना होगा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्ष में देश को खुले में शौच मुक्त बनाना है। इस अभियान में अधिकारियों के साथ समाज के जिम्मेदार लोगों को भागेदारी करनी होगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार 1942 में करो या मरो के संकल्प से 1947 स्वतंत्रता की सिद्धि मिली थी वैसे ही हम सवा सौ करोड़ देशवासी आधुनिक भारत के संकल्प को पूरा करेंगे। सांसद भानू प्रताप वर्मा, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने भी लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा करने सहयोग करने की अपील की। सांसद, विधायकों ने लोगों को प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाएं भी बताईं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने देश को स्वच्छ व खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए अपना योगदान करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में डीएम नरेंद्र शंकर पांडे, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, सीडीओ एसपी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, अपना दल जिलाध्यक्ष रामराजा निरंजन, एडीएम राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।