उरई। जनपद की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक सौरभ सुमन शार्दुल ने सोमवार को कंट्रोल रूम व नामांकन कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। इसके बाद प्रत्याशियों के नामांकन के बारे में जानकारी ली।
जिले की उरई सदर, कालपी और माधौगढ़ निर्वाचन क्षेत्र के लिए व्यय प्रेक्षक आईएएस सौरभ सुमन शार्दुल को नियुक्त किया गया है। व्यय प्रेक्षक ने सोमवार को कलक्ट्रेट में स्थापित विधानसभा सामान्य निर्वाचन कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। शिकायती उपलब्ध रजिस्टरों को देखा। उन्होंने तीनों विधानसभा के नामांकन कक्ष का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीएम कार्यालय में लेखा टीम व सहायक व्यय परीक्षकों के साथ बैठक कर उन्होंने चुनाव में लगे कार्मिकों को अपने दायित्वों का निर्वहन कर निषपक्ष चुनाव कराने के निर्देश दिए। व्यय प्रेक्षक ने माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गोपालपुरा में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी रवि कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व पूनम निगम, नगर मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र मौर्य आदि से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
एडीएम पूनम निगम व एएसपी राकेश सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ कोटरा नदी बेतवा पुल जाकर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। एडीएम पूनम निगम ने थाना अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि झांसी जनपद से आने जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जानी चाहिए। साथ ही पुल पर बैरियर लगा कर संदिग्ध पर नजर रखनी होगी। कोटरा पुल झांसी जनपद की सीमा को जोड़ता है। इससे यहां निगरानी अति महत्वपूर्ण है। संवाद