सिरसा कलार। न्यामतपुर वन रेंज के गांव जीतामऊ के जंगल में तेंदुआ की चहल-कदमी को लेकर ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ कई जंगली जानवरों का शिकार कर चुका है। हालांकि वन विभाग की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
जीतामऊ गांव निवासी महेश, रामौतार, संजय, कुंवर सिंह, विवेक आदि ग्रामीणों का कहना है कि दो तीन दिन से जंगल में तेंदुए के देखे जाने पर सभी लोग काफी दहशत में हैं। लाइनमैन गौरव निवासी मडैया ने बताया कि वह बाइक से अपने गांव जा रहा था, तभी कुछ दूरी पर तेंदुए को छलांग लगाकर जाते देखा।
ग्राम प्रधान कमलकांत का कहना है कि ग्रामीणों से जंगल में तेंदुआ घुसने की जानकारी मिली है। दहशत के कारण किसानों ने रखवाली के लिए खेतों की तरफ जाना भी बंद कर दिया है। आसपास के गांव मड़ैया, रायपुर लोहाई मानपुर के गांवों में तेंदुए को लेकर दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग को सूचना दे दी है।
वॉचर हरिश्चंद्र का कहना है कि जंगल में तेंदुए के मौजूद होने की जानकारी मिली है। फिलहाल जानकारी कर रहे हैं। न्यामतपुर वन रेंजर एस के त्रिपाठी का कहना है कि जीतामऊ विलायती बबूल का जंगल है। यहां तेंदुआ नहीं आ सकता है। लकड़बग्घा हो सकता है। जानकारी कराई जा रही है।