उरई। शहर के एक होटल में हनी ट्रैप का मामला सामने आया है। एक युवक को महिला के साथ फंसाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की बात सामने आई है। शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
फतेहपुर निवासी राजेश कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 18 जुलाई को किसी काम से उरई आया था। उसकी पहले से ही उरई में रहने वाली हमीरपुर जिले की कुरारा थाना क्षेत्र के मवई गांव निवासी कौशल्या से बातचीत होती थी। बताया कि 19 जुलाई की रात करीब 11 बजे उसके मोबाइल पर कौशल्या का फोन आया। महिला ने उसे उरई के एक नामचीन होटल में मिलने के लिए बुलाया।
राजेश के अनुसार वह होटल पहुंचा तो महिला नीचे खड़ी मिली और उसे कमरे में चलने के लिए कहा। जैसे ही वह कमरे में पहुंचा, तभी पीछे से हमीरपुर निवासी गणेश सिंह पांडेय वहां आ गया और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद दोनों ने उसे महिला के साथ बैठाकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि दोनों ने वीडियो दिखाकर युवक को धमकाया कि उसने महिला के साथ गलत काम किया है। यदि वह 10 लाख रुपये नहीं देगा तो वीडियो वायरल कर उसे जेल भिजवा देंगे। डर के कारण युवक ने तत्काल अपने मोबाइल से यूपीआई के जरिये 10 हजार रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद इन लोगों ने बाकी 9 लाख 90 हजार रुपये शाम तक कालपी स्टैंड पर पहुंचाने को कहा। साथ ही धमकी दी कि रुपये नहीं देने पर वीडियो और फोटो पुलिस को देकर दुष्कर्म के मामले में फंसा देंगे। पीड़ित ने किसी तरह वहां से निकलकर कोतवाली उरई पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना बताई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर कौशल्या और गणेश सिंह पांडेय के खिलाफ वसूली, धमकी और ब्लैकमेलिंग समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई की गई है। होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
पहले भी लोगों को बना चुके हैं निशाना
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी इसी तरह पहले भी कई लोगों को शिकार बना चुके हैं। पुलिस के अनुसार महिला पहले लोगों से संपर्क करती थी और बाद में अपने साथी गणेश पांडेय के साथ मिलकर वीडियो बनाकर रुपये ऐंठने का काम करती थी। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से कई संदिग्ध नंबर और जानकारियां मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
दरवाजा खोलने का पहले से था प्लान
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पूरी घटना की साजिश पहले से रच ली गई थी। महिला ने देर रात कमरे का दरवाजा खोलने की बात तय कर रखी थी। आरोप है कि महिला युवक के साथ कमरे में मौजूद रही और बाद में दरवाजा खोल दिया। इसके बाद गणेश पांडेय कमरे में पहुंचा और वीडियो बनाने लगा। इसके बाद युवक को धमकाकर रुपये मांगने का प्रयास किया गया।
आरोपी युवक के पास मिली प्रेस आईडी, पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी युवक के पास से एक नामचीन चैनल की आईडी भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी खुद को पत्रकार बताता था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि उसके पास मिली प्रेस आईडी वास्तविक है या नहीं और उसका इस्तेमाल किसी गलत गतिविधि में तो नहीं किया जा रहा था। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
फोटो - 18 आरोपी महिला। संवाद