कोंच। सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों पर दूसरे दिन शनिवार को भी कोई किसान अपनी उपज लेकर नहीं पहुंचा। इसके चलते केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। एसडीएम राजेश सिंह ने कई खरीद केंद्रों का दौरा भी किया पर एक भी किसान केंद्रों में नहीं पहुंचा। हालांकि कई किसान गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण जरूर करा चुके हैं पर पहल अभी शुरू नहीं हो सकी है।
इस बार सरकारी गेहूं क्रय केंद्रों पर माल बेचने में किसान की दिलचस्पी दिखाई नहीं दे रही है। जबकि पिछले सालों में गेहूं बेचने के लिए सभी केंद्रों पर मारामारी रही। इस बार केंद्रों पर पसरी सन्नाटा को लेकर इसका सबसे बड़ा कारण क्षेत्र में गेहूं की पैदावार कम होना भी बताया जा रहा है। साथ ही मंडी में बैठे व्यापारी भी समर्थन मूल्य के बराबर ही गेहूं के दाम दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में क्रय केंद्रों पर कब रौनक आती है, देखना दिलचस्प होगा। बता दें कि इस वर्ष सरकार ने तहसील में 12 खरीद केंद्र खोले हैं जिनमें सात नगर व बाकी देहात में हैं।