उरई। कायाकल्प अवार्ड योजना वर्ष 2020-21 में जिले की 17 स्वास्थ्य केंद्रों को शामिल किया गया है। कायाकल्प योजना के अंतर्गत इन स्वास्थ्य केंद्रों का मूल्यांकन कराया जाएगा। कोरोना संक्रमण के चलते इस बार मूल्यांकन का काम ऑनलाइन माध्यम से कराया जाएगा। टीम के आने की तिथियां भी निर्धारित कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
जनपदीय कायाकल्प परामर्शदाता डॉ अरुण कुमार ने बताया कि योजना में पीएचसी रामपुरा, जगम्मनपुर, नावर, पीएचसी पिंडारी, नवीन पीएचसी भेंड, सदूपुरा, गोवर्धनपुरा, शेखपुर बुजुर्ग, उरगांव, ऐर, पीएचसी कुठौंद, ईटों, गोहन, सरावन, पीएचसी आटा को शामिल किया गया है। जबकि शहरी क्षेत्र की नगरीय पीएचसी बघौरा को शामिल किया गया है। कायाकल्प मूल्यांकन का काम 16 अप्रैल से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि सबसे पहले डकोर पीएचसी में ऑनलाइन मूल्यांकन का काम होगा।
इसके लिए मेडिकल कॉलेज झांसी के एसपीएम विभाग के सहायक प्रोफेसर अमित मोहन के नेतृत्व में जिला महिला अस्पताल झांसी के हॉस्पिटल मैनेजर डॉ जनमेजय शाक्य ऑनलाइन मूल्यांकन करेंगी। टीम अस्पताल के रखरखाव, सफाई व्यवस्था, कचरा निस्तारण व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता को बढ़ावा देना, सहयोगी सेवाएं एवं अस्पताल के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगी और चिकित्सक एवं स्टाफ का इंटरव्यू भी लेंगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट मंडल स्तर पर प्रेषित करेंगी और 70 प्रतिशत से अधिक अंक आने राज्य स्तर पर अस्पताल को पुरस्कार के लिए चयनित कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों के मूल्यांकन का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। जो मई के दूसरे सप्ताह तक चलेगा।