उरई शहर कोतवाली में तैनात सिपाही ने कोतवाल पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर त्यागपत्र दे दिया। इससे विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि उरई कोतवाल विनोद पांडे पहले भी आरोपों के घेरे में रह चुके है। इस बार उन्हें उनके ही कार्यालय में तैनात सिपाही ने कटघरे में खड़ा किया है। सिपाही अरविंद किशोर कंप्यूटर आपरेटर के पद पर तैनात है।
सिपाही ने आरोप लगाते हुए कहा कि जबसे वह कोतवाली आया है तब से कोतवाल उसे परेशान कर रहे है। लिहाजा वह अब नौकरी ही नहीं करना चाहता है। अपर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह का कहना है, सिपाही के बयान लिए जाएंगे, इसके बाद आगे क्या करना है देखा जाएगा।
कंप्यूटर ऑपरेटर अरविंद किशोर ने बताया कि वर्ष 2019 में लोक सभा चुनाव में वह चुनाव सेल में तैनात था। वर्तमान शहर कोतवाल विनोद कुमार पांडेय तब चुनाव सेल के प्रभारी थे। उसी दौरान किसी बात को लेकर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय से कहा सुनी हो गयी। तभी से वे उसे टारगेट किए हुए हैं।