माधौगढ़। लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुई आग की घटना के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। बुधवार को प्रशासन की टीम बस स्टैंड स्थित सिंह भोजनालय पहुंची। निरीक्षण में भोजनालय के बेसमेंट में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण एवं सुरक्षा मानकों का अभाव पाया गया। इस पर एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बेसमेंट में ताला लगवा दिया।
एसडीएम विनय कुमार मौर्य, सीओ अंबुज सिंह यादव, कोतवाल अभिलाष मिश्रा व दमकल कर्मी बृजकिशोर की संयुक्त टीम ने माधौगढ़ और बंगरा क्षेत्र में होटल, लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण अभियान चलाया। इधर, चेकिंग अभियान की सूचना मिलते ही कई लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर संचालकों ने अपने संस्थान बंद कर दिए और मौके से चले गए। एसडीएम विनय कुमार मौर्य ने कहा कि बिना निर्धारित सुरक्षा मानकों और आवश्यक अनुमति के कोई भी होटल, लाइब्रेरी या कोचिंग सेंटर संचालित नहीं किया जा सकता। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)