माधौगढ़। कानपुर-इटावा हाईवे पर औरैया के पास बाइक से ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक रोड के दूसरी ओर जा गिरी और हेलमेट सहित चालक के सिर के परखचे उड़ गए। राहगीरों ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक के पास मिले कागजों से परिजनों को सूचना दी। इकलौते बेटे की मौत से घर में कोहराम मच गया।
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव डिकौली निवासी देवेश सिंह (22) पुत्र भूरे सिंह झींझक, कानपुर देहात कोटक महिंद्रा कंपनी में नौकरी करता था। शनिवार दोपहर बाइक से झींझक के लिए निकला था और हाईवे पर औरैया के पास ट्रक को ओवरटेक करने लगा जिससे बाइक को सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर मार दी और बाइक रोड के गड्ढे में जा गिरी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक चालक के हेलमेट सहित सिर के परखचे उड़ गए। राहगीरों ने यूपी 100 को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को औरैया के अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक के कागजों के आधार पर घर सूचना दी गई। इकलौते युवक की मौत से घर में कोहराम मच गया। युवक की मां गायत्री का रो रोकर बुरा हाल है। मां ने रोते हुए बताया कि उसके बेटे देवेश सिंह की टिमरों (उरई) उसकी शादी तय हो गई थी। पिता भूरे सिंह ने रोते हुए बताया कि छह माह पूर्व बड़ी बेटी दीपिका के पति की मौत का गम नही भुला पाया था कि अब इकलौते जवान बेटे की मौत से वह पूरी तरह टूट गया है।