सिरसाकलार। जमीन विवाद को लेकर मां व बेटी पर युवक ने चाकू से वार कर दोनों को घायल कर दिया। ग्रामीणों को आता देख युवक जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पति ने युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी। जिसपर पुलिस ने जानलेवा हमला व मारपीट का मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के निवासी मड़ैया ओमनारायण पुत्र गया प्रसाद ने थाना पुलिस को तहरीर दी कि उसे ननिहाल में जमीन मिली है उसकी जमीन को लेकर गांव का ही नितिन राजपूत पुत्र सूरज सिंह उससे खुन्नस मानता है। जिसके चलते वह सोमवार की शाम घर आया और उसकी पत्नी शीला देवी व पुत्री वर्षा से कहासुनी होने लगी और उसने जेब में पड़ी चाकू निकाली और दोनों पर चाकू से वार कर दिया।
जिससे शीला के गले व मुंह में चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गई। वहीं पास में खड़ी बेटी भी घायल हो गई। शोरगुल सुन मोहल्ले के लोगों को आता देख वह जान मारने की धमकी देते हुए भाग गया। थानाध्यक्ष सौरभ सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ जानलेवा हमला और मारपीट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।