वरहा गाव मे एक्सप्रेस वे का निरीक्षण करते डी एम
- फोटो : ORAI
उरई। जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने प्रशासनिक अफसरों के साथ बुधवार को शहर से निकलने वाले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों से निर्माण की जानकारी ली। साथ ही उन्हें निर्माण कार्य में अधिक से अधिक प्रवासी मजदूरों को रोजगार देने के निर्देश दिए।
बता दें कि 26 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुंदेलखंड के किसी एक जिले के प्रवासी मजदूरों से उन्हें मिल रहे काम को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा कर सकते हैं। इस चर्चा में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसी वजह से बुधवार दोपहर जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर, सीडीओ प्रशांत कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम सतेंद्र सिंह व ईडीएम पुष्पेंद्र सिंह के साथ उरई तहसील क्षेत्र के ग्राम बरहा पहुंचे।
यहां उन्होंने चल रहे बुदेलखंड एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य की जानकारी ली। यहां कितने मजदूर प्रवासी और कितने जनपद के लोग लगे हैं, इसका भी ब्योरा लिया। प्रवासी मजदूरों की संख्या कम देख निर्देश दिए कि कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ-साथ ज्यादा से ज्यादा प्रवासी मजदूरों को रोजगार दिया जाए।
इधर पीएम की प्रस्तावित वीडियो कान्फ्रेंसिंग को देखते हुए भी तहसीलवार प्रवासी मजदूरों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। यह भी देखा जा रहा है कि कितने मजदूर वर्तमान में मनरेगा से जुड़े हैं और कितनों को अभी काम मिलना बाकी है।