जालौन। मोपेड सवार बुजुर्ग दंपति को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिससे पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रुप से घायल पति को सीएचसी से जिला अस्पताल और फिर झांसी रेफर किया गया। झांसी ले जाते समय रास्ते में पति ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि कार चालक गाड़ी समेत भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है। मोपेड सवार हेलमेट नहीं लगाए था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं थीं।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिटारा निवासी रामचरण कुशवाहा (65) अपनी पत्नी सरस्वती उर्फ दुजा देवी (62) के साथ मोपेड से शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उरई रोड पर एवन स्वर्णा गेस्ट हाउस के पास स्थित खेत पर जा रहे थे। गेस्ट हाउस के पास फोरलेन सड़क पर वह दूसरी साइड में मुड़ने लगे तभी जालौन की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने मोपेड में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वृद्ध दंपति मोपेड से उछलकर दूर सड़क पर जा गिरे। सरस्वती देवी की सिर में चोटें आने एवं अत्यधिक खून बहने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रामचरण के भी हेलमेट न पहने होने से सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों ने हादसे की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। एसआई बलराम शर्मा ने वृद्ध को सीएचसी पहुंचाकर सरस्वती देवी का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीएचसी में वृद्ध की गंभीर हालत को देखकर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल से झांसी रेफर कर दिया। झांसी ले जाते समय रास्ते में रामचरण की भी मौत हो गई। दंपति की मौत की खबर सुनकर गांव में मातम पसर गया और घर पर भी चीख पुकार मच गई।
परिजनों के मुताबिक, रामचरण का एक पुत्र रामपाल व तीन पुत्रियां हैं। माता-पिता दोनों का साथ एक साथ छूटने से इकलौता बेटा रामचरण व उसकी पत्नी पुष्पा बदहवास हो गए। दोनों को मोहल्ले के लोगों ने बड़ी मुश्किल से संभाला। वही पौत्र व पौत्री अंकित (8), शीलू (6) का भी रो रोकर बुरा हाल था। हादसे की तहरीर मृतक रामचरण के भाई दुर्गाचरण ने कोतवाली में दी। जिस पर पुलिस ने कार व चालक के खिलाफ मामला पंजीकृत किया। कोतवाल एसके सिंह का कहना है कि कार का नंबर पता कर उसकी धरपकड़ की जाएगी।
ृतका सरस्वती उर्फ दुजा देवी- फोटो : ORAI