मोबाइल वैन को ताली बजाकर रवाना करते डीएम।
- फोटो : ORAI
उरई। कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों को संज्ञान में लेते हुए जिला प्रशासन ने जिले में सैंपलों के लिए बुधवार से मोबाइल वैन सेवा शुरू की है। जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार से ताली बजाकर वैन को रवाना किया। यह वैन शहर के मोहल्लों में जाकर कोरोना संदिग्धों के सैंपल लेगी।
जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने बताया कि जिले में इस समय 36 कोरोना पॉजिटिव मरीज है। इसके साथ ही इनके संपर्क में आए कई लोगों को ट्रेस किया गया है। संदिग्धों की जांच के लिए डाक्टरों को परेशान होना पड़ता था। एक बार टीम उन्हें घर से लेने जाती थी और फिर जांच के बाद उन्हें घर छोड़ने जाती थी।
इस प्रक्रिया से जहां जांच में काफी समय लगता था। साथ ही आने जाने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। मोबाइल वैन के मिलने से अब किसी भी संदिग्ध को जांच के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। वैन सीधे मोहल्ले व घर में पहुंच कर लोगों के सैंपल ले सकेंगी। सैंपलों जांच के लिए झांसी भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह वैन बिजली विभाग व टाटा कंपनी के सहयोग से दी गई है। जल्द ही प्रशासन एक और वैन का इंतजाम करेगा ताकि जिले में कोरोना पर पूर्णता काबू पाया जा सके। इस मौके पर अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्र सचान, टाटा कंपनी के प्रोजेक्ट मेनेजर विनीत खंडेवाल, ईडीएम पुष्पेंद्र सिंह व स्वास्थ्य अधिकारी आदि उपस्थित रहे।