जाम लगाए लोगों को समझाते पुलिस कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
मदारीपुर (जालौन)। भीषण गर्मी शुरू होते ही ग्रामीण इलाकों में ट्रांसफार्मर के फुंकने का सिलसिला तेज हो गया है। मदारीपुर में अधिक लोड व गर्मी के चलते एक महीने में पांचवीं बार ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फुंक गया। इससे नाराज इलाकाई लोगों ने गुरुवार को मदारीपुर रोड जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान बिजली अफसरों के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। कहा कि अफसरों की हीलाहवाली की वजह से ही एक महीने में पांच ट्रांसफार्मर फुंके हैं। जाम की खबर पाकर थानाध्यक्ष कुठौंद मौके पर पहुंचे और जाम लगाए लोेगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
बताते चले कि कुठौंद क्षेत्र के ग्राम मदारीपुर में गुणवत्ता परक ट्रांसफार्मर न लगाए जाने की वजह से अक्सर अधिक लोड पड़ने की वजह से फुंक रहे हैं। बुधवार को पांचवां ट्रांसफार्मर फुंकने से इलाके की बत्ती गुल हो गई। भीषण गर्मी में बिजली कमी केे चलते पानी का संकट पैदा हो गया। कर्मचारियों को इस बाबत अवगत कराने के बाद भी ट्रांसफार्मर को ठीक नहीं कराया गया। खफा इलाकाई लोग गुरुवार को अपराह्न 10 बजे बड़ी संख्या में मदारीपुर रोड पहुंचे और नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया और बिजली अफसरों के खिलाफ आक्रोश जताया। ग्रामीण शेर सिंह, मोहित यादव, जितेंद्र सिंह, प्रदीप, कपिल सोनी, जय सिंह इत्यादि लोगों ने कहा कि इलाकेे में अधिक लोड हैं, लेकिन ट्रांसफार्मर गुणवत्ता परक न लगाए जाने से अक्सर वह फुंक जाते हैं। सूचना देने के बाद भी अफसरों ने इसे ठीक नहीं कराया। जाम की खबर पाकर एसओ चंद्रशेखर दुबे मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। आश्वासन पर माने लोगों ने जाम खोला, तब कहीं जाकर यातायात शुरू हो सका।